चम्पावत,09 जून 2026
*राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDMF) से ₹22.25 लाख की स्वीकृति, जनपद में जलभराव एवं भूमि कटाव रोकने हेतु होंगे कार्य*
*स्वीकृत धनराशि में से ₹15.57675 लाख (70 प्रतिशत) की प्रथम किस्त के रूप में राशि हुयी अवमुक्त*
*किरोड़ा नाला एवं बिलौना (लधिया नदी) में चैनलाइजेशन कार्य हेतु ₹6.462 लाख की मिली स्वीकृति*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में संभावित आपदाओं के न्यूनीकरण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पूर्व तैयारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के प्रयासों से तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) क्षेत्र में जलभराव एवं भूमि कटाव की समस्या के समाधान हेतु राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDMF) मद से कुल ₹22.2525 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।स्वीकृत धनराशि में से ₹15.57675 लाख (70 प्रतिशत) प्रथम किस्त के रूप में अवमुक्त किए जाने की स्वीकृति मिल गयी हैं।
सिंचाई खण्ड, लोहाघाट एवं प्रभागीय वनाधिकारी, तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर जनपद स्तरीय मूल्यांकन एवं कार्यकारिणी समिति की बैठक उपरांत संयुक्त आख्या शासन को प्रेषित की गई थी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा प्रस्तावित कार्यों की आवश्यकता एवं आपदा न्यूनीकरण में उनकी उपयोगिता को देखते हुए शासन स्तर पर मांग की गयी , जिसके द्वारा इन महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति प्राप्त हुई।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत सिंचाई खण्ड, लोहाघाट द्वारा तहसील पूर्णागिरि के ग्राम अमोड़ी (क्वैराला नदी), किरोड़ा नाला एवं बिलौना (लधिया नदी) में चैनलाइजेशन कार्य हेतु ₹6.462 लाख तथा ग्राम नौलापानी के सामने लधिया नदी में चैनलाइजेशन कार्य हेतु ₹9.392 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार विभाग को कुल ₹15.854 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी प्रकार प्रभागीय वनाधिकारी, तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी द्वारा खटीमा रेंज अंतर्गत ग्राम ज्ञानखेड़ा, माधवराम एवं ग्राम पंचायत गुदमी के 07 चिन्हित स्थलों पर कुल 1600 मीटर लंबाई में आरबीएम भरान कार्य हेतु ₹6.3985 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
आपदा न्यूनीकरण, जन-धन हानि की रोकथाम तथा संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित जोखिम को कम करने के लिए इनका कराया जाना अत्यंत आवश्यक पाया गया। इसी के दृष्टिगत राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDMF) से कुल ₹22.2525 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत धनराशि में से ₹15.57675 लाख (70 प्रतिशत) प्रथम किस्त के रूप में अवमुक्त किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है, जबकि शेष ₹6.67575 लाख (30 प्रतिशत) कार्य पूर्ण होने के उपरांत द्वितीय किस्त के रूप में जारी की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मानसून से पूर्व संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक एवं न्यूनीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नदी कटाव, जलभराव एवं संभावित आपदाओं के जोखिम में कमी आएगी तथा स्थानीय आबादी एवं उनकी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
Jaya punetha editor in chief ।




