जनपद की समस्त नगर निकायों में आयोजित होगा स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान।

Spread the love

चम्पावत, 04 जून 2026

*जनपद की समस्त नगर निकायों में आयोजित होगा स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान*

शहरी विकास निदेशालय के निर्देशों के क्रम में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर जनपद की सभी नगर निकायों में एक विशेष स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मा0 सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह वृहद्ध अभियान 05 जून से शुरू होकर 12 जून 2026 तक लगातार जारी रहेगा।

इस अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी श्री भारत त्रिपाठी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर कल, शुक्रवार यानी 05 जून को सुबह 08:00 बजे से गौरलचौड़ मैदान के पास के पूरे इलाके में एक वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके ठीक बाद सुबह 11:00 बजे से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत माननीय बोर्ड की एक विशेष स्वच्छता बैठक आयोजित होगी, जिसमें नगर पालिका के माननीय वार्ड सदस्य, सभी कार्यालय कर्मचारी और पर्यावरण मित्र मुख्य रूप से शामिल होंगे।

अधिशासी अधिकारी ने सभी कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों को तय समय पर सफाई अभियान और बैठक में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं।

सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के तहत 06 जून 2026 को मा0 बोर्ड द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए निर्माणाधीन व संचालित एम०आर०एफ सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा।

इसके बाद 08 जून 2026 को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुपालन में कूड़े को स्रोत पर ही चार भागों में अलग-अलग करने तथा घरेलू कंपोस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए वार्ड स्तर पर स्वच्छता गोष्ठियों का आयोजन होगा।

अभियान को आगे बढ़ाते हुए 09 जून 2026 को नगर के चिन्हित जीवीपी (कूड़ा फेंकने वाले संवेदनशील स्थानों) पर बड़ा सफाई अभियान चलाया जाएगा, जबकि 10 जून 2026 को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम के तहत नगर के सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा।

 

अभियान के अंतिम चरणों में जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 11 जून 2026 को स्वयंसेवी संगठनों, एनएसएस, एनसीसी व स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

इस विशेष सप्ताह का समापन 12 जून 2026 को गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) व स्वयंसेवी संस्थाओं के समन्वय से विभिन्न विद्यालयों में छात्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर किया जाएगा, ताकि चम्पावत को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।