*जिलाधिकारी ने कीवी प्रशिक्षण हेतु किसानों के दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*।

चंपावत 07 मार्च 2026

*जिलाधिकारी ने कीवी प्रशिक्षण हेतु किसानों के दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

जनपद में बागवानी के क्षेत्र में नई संभावनाओं को तलाशने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से उद्यान विभाग के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय कीवी प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु किसानों को ले जा रहे वाहन को हरी झंडी दिखाकर बागेश्वर के शामा के लिए रवाना किया गया। जनपद से कुल दो वाहनों द्वारा किसानों को प्रशिक्षण के लिए ले जाया जाएगा।

यह विशेष *प्रशिक्षण भ्रमण 7 मार्च से 9 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जनपद के कुल 20 प्रगतिशील किसान प्रतिभाग कर रहे हैं।*

इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी श्री मोहित मल्ली ने बताया कि कीवी वर्तमान में एक उच्च मूल्य वाली नकदी फसल के रूप में उभर रही है और जनपद की जलवायु इसके उत्पादन के लिए अत्यंत अनुकूल है। उन्होंने साझा किया कि बागेश्वर के शामा क्षेत्र में आयोजित इस तीन दिवसीय शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें खेतों में ले जाकर पौधों के रोपण, वैज्ञानिक विधि से कांट-छांट, पोषण प्रबंधन और बीमारियों से बचाव की बारीकियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है। अधिकारी के अनुसार, इस प्रशिक्षण से लौटकर ये किसान अपने क्षेत्रों में अन्य काश्तकारों के लिए भी मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे, जिससे जिले में कीवी उत्पादन का एक नया क्लस्टर विकसित हो सकेगा।

सहायक विकास अधिकारी (उद्यान) श्री आशीष रंजन खर्कवाल के नेतृत्व में रवाना हुए इस दल को प्रोत्साहित करते हुए जिलाधिकारी श्री कुमार ने विश्वास जताया कि इस तरह के तकनीकी भ्रमण से किसानों के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और वे आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को फसल कटाई के उपरांत के प्रबंधन और बाजार उपलब्ध कराने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की जाएंगी।

इस दौरान उद्यान विभाग के कर्मचारी और जनपद के किसान व अन्य उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement