चंपावत 04 जून 2026
*चम्पावत में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित, व्यापारियों को दिए निर्देश*
आगामी पर्यटन सीजन के मद्देनजर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड के आयुक्त तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में खाद्य संरक्षा विभाग चम्पावत द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। चम्पावत स्थित तिवारी होटल में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय खाद्य व्यापारकर्ताओं, विशेषकर होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा तथा स्वच्छता के मानकों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित होटल व रेस्टोरेंट स्वामियों, शेफ और कारीगरों को पर्यटन सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, वितरण और प्रस्तुतिकरण में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी।
अधिकारियों ने खाद्य संरक्षा संबंधी नियमों और मानकों की विस्तृत जानकारी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी खाद्य कारोबारी अपने खाद्य लाइसेंस को प्रतिष्ठान के मुख्य भाग पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। इसके साथ ही किचन, रेस्टोरेंट और मिष्ठान काउंटर आदि के संचालन में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को पूरी तरह से शुद्ध, पौष्टिक और मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
इस कार्यशाला में सहायक आयुक्त व अभिहित अधिकारी चम्पावत संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, व्यापार मंडल के महामंत्री हरीश सकटा तथा युवा व्यापार मंडल के महामंत्री आनंद सिंह सहित क्षेत्र के अनेक व्यापारीगण और सहायक दिनेश फर्त्याल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




