मायावती में सेवा का महाकुंभ: बारिश के बीच उमड़े मरीज, दो दिन में 500 से अधिक लोगों ने लिया निशुल्क उपचार का लाभ।

Spread the love

मायावती में सेवा का महाकुंभ: बारिश के बीच उमड़े मरीज, दो दिन में 500 से अधिक लोगों ने लिया निशुल्क उपचार का लाभ।

देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने संभाली कमान, न्यूरोलॉजी से लेकर नेत्र रोग तक का हो रहा मुफ्त उपचार।

लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में आयोजित निशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर जनसेवा का महाकुंभ बन गया है। पिछले दो दिनों के दौरान लगातार हुई भारी वर्षा के बावजूद 500 से अधिक मरीजों ने यहां पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ उठाया। मंगलवार को मौसम साफ होने के साथ ही चिकित्सालय में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रोगियों की सुविधा के लिए चिकित्सालय प्रबंधन की ओर से लोहाघाट बस स्टेशन से निशुल्क बस सेवा संचालित की गई, लेकिन मरीजों की संख्या इतनी अधिक रही कि आश्रम को जोड़ने वाले सड़क मार्ग से लेकर अस्पताल परिसर तक वाहन खड़े नजर आए। लोहाघाट से चिकित्सालय की बसो को भी मरीजों को लाने-ले जाने के लिए कई अतिरिक्त चक्कर लगाने पड़े।

कोलकाता से आए वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरव सान्याल के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सा दल लगातार सेवाएं दे रहा है। वहीं इंग्लैंड से पहुंचे डॉ. आशीष कुमार हृदय रोग से पीड़ित मरीजों का उपचार कर रहे हैं। पिछले दो दिनों में करीब तीन दर्जन नेत्र रोगियों के सफल ऑपरेशन किए गए, जबकि 150 से अधिक लोगों की आंखों की विस्तृत जांच की गई।

पहली बार आयोजित न्यूरोलॉजी चिकित्सा शिविर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। विश्वविख्यात यूरोलॉजिस्ट एवं किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक दुबे मरीजों का उपचार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में न्यूरोलॉजी और यूरोलॉजी संबंधी रोगियों की संख्या अपेक्षा से कहीं अधिक देखने को मिल रही है। आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज ने शिविर का निरीक्षण कर मरीजों से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश-विदेश से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दी जा रही निशुल्क सेवाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोग उठा रहे हैं।

चिकित्सालय प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि मौसम अनुकूल होने के कारण मंगलवार को मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। शिविर के सफल संचालन में निकटवर्ती फोर्ती गांव के समाजसेवी युवा सुधांशु उपाध्याय, शुभम बगोली, आदित्य बिष्ट, योगेश सुतेडी एवं मोहित महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं। जबकि पांडिचेरी एम्स के पूर्व निदेशक डॉ डीएस दुबे जैसे अनुभवी चिकित्सक यहां बाहर से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों को अपने अनुभव का लाभ दे रहे है।

Jaya punetha editor in chief ।