लोहाघाट विजय दिवस: शौर्य, सम्मान और संकल्प का प्रतीक बना समारोह।

Spread the love

लोहाघाट विजय दिवस: शौर्य, सम्मान और संकल्प का प्रतीक बना समारोह।

वीर पदक प्राप्त सैनिकों, शहीदों की विरांगनाओं के जिला कार्यालय में अपने कार्य से आने पर प्रत्येक विभाग उन्हें सम्मान देते हुए उनके कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा – जिलाधिकारी

लोहाघाट। विजय दिवस की 74 वर्षगांठ लोहाघाट में राष्ट्रभक्ति, त्याग और वीरता के भाव के साथ गरिमामय ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने देश की आन-बान-शान की रक्षा में प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों का भावपूर्ण स्मरण करते हुए सभी पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं के प्रति जिला प्रशासन की ओर से सम्मान व्यक्त किया। मॉडल जिले की नई सोच को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि “जिले के किसी भी कार्यालय में जब भी शहीदों की वीरांगनाएं या शौर्य पराक्रम पदक प्राप्त वीर सैनिक पहुंचेंगे, उन्हें पूर्ण सम्मान के साथ उनके कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।” उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों का त्याग राष्ट्र कभी नहीं भूल सकता। शहीदों की वीरांगनाओं का बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देश का गौरव रहेगा।

जिलाधिकारी ने 1971 के युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को जिला प्रशासन की ओर से भावांजलि अर्पित की तथा उनकी वीरांगनाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “इन महान विभूतियों को सम्मानित करते हुए हम स्वयं को गौरवशाली महसूस कर रहे हैं।” डीएम मनीष कुमार ने पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जब जिले में पुलिस बल सीमित था और पड़ोसी देश में माओवादी गतिविधियां चरम पर थीं, तब पूर्व सैनिकों ने पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सीमाओं की सुरक्षा की। इससे पूर्व शहीद सैनिकों की प्रतिमा पर जिलाधिकारी सहित विशिष्ट अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, एसडीएम नितेश डांगर, थाना अध्यक्ष अशोक कुमार, पूर्व सैनिक लीग अध्यक्ष कैप्टन आरएस देव, रघुवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के पश्चात शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की। इस अवसर पर कैप्टन आर.एस. देव, कैप्टन रघुवीर सिंह, कैप्टन हयात सिंह, लांस नायक अमर सिंह एसएम सीबी बिष्ट सहित सभी पूर्व सैनिकों ने शहीदों को सलामी दी। कार्यक्रम के बाद सभी पूर्व सैनिकों ने विवेकानंद विद्या मंदिर के छात्रों बैंड बाजों के साथ डांक बंगला रोड पर मार्चपास्ट किया और सैनिक विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां पूर्व सैनिक लीग की ओर से जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, उप जिलाधिकारी नितेश डांगर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

Jaya punetha editor in chief ।