सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में जिलाधिकारी ने विभागों को दिए निर्देश, प्राप्त प्रकरणों पर समयबद्ध कार्यवाही पर जोर*

चम्पावत,

 

*सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में जिलाधिकारी ने विभागों को दिए निर्देश, प्राप्त प्रकरणों पर समयबद्ध कार्यवाही पर जोर*

 

*पूर्व सैनिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता से करें समाधान: जिलाधिकारी*

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण परिषद की त्रैमासिक बैठक जिला कार्यालय सभागार में बुधवार को आयोजित हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सैनिक कल्याण परिषद में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समाधान की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उन पर अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा शासन स्तर से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक प्रस्ताव एवं पत्राचार समय से किया जाए।

 

बैठक में छमनिया में निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का नाम शहीद राम दत्त चौबे के नाम पर रखे जाने के अनुरोध,ग्राम फुलारा में पूर्व सैनिक के आवास तक सड़क निर्माण के प्रकरण में संबंधित विभागों को मौके एवं तकनीकी स्थिति का परीक्षण कर समाधान की संभावनाओं पर आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही।

 

पूर्व सैनिकों द्वारा कृषि भूमि में फलदार एवं जड़ी-बूटी पौधों के रोपण तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग पर जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को पात्रता एवं विभागीय योजनाओं के अंतर्गत आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। आवास के आसपास सोलर लाइट लगाए जाने की मांग पर उरेडा को नियमानुसार कार्यवाही करने तथा भूमि संबंधी प्रकरण में उप जिलाधिकारी लोहाघाट को आवश्यक जांच कर समाधान के निर्देश दिए।

 

जिला अस्पताल के ईसीएचएस पैनल में शामिल होने के दृष्टिगत दंत रोग विभाग में रूट कैनाल एवं दांत भरने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण कर उचित कार्यवाही करने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्मित कलवर्ट से पूर्व सैनिक को हो रही समस्या के संबंध में भी संबंधित विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को बैठक में प्राप्त प्रकरणों पर संबंधित विभागों से लगातार समन्वय बनाते हुए की गई कार्यवाही की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (से.नि.), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री हितेश कांडपाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री देवेंद्र पटवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं सेवानिवृत्त सैनिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement