चम्पावत 16 दिसंबर, 2025
*आईटीआई टनकपुर में 12 जनवरी को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन*
कौशल विकास एवं उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), टनकपुर, जनपद चम्पावत में 12 जनवरी 2026 को एक दिवसीय अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है।
इस मेले का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास, अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए उद्योग जगत के साथ सीधा संवाद स्थापित कराना है।
यह अप्रेंटिसशिप मेला युवाओं के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध होगा, जहां वे विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं उद्योगों से सीधे जुड़कर ऑन-स्पॉट पंजीकरण कर सकेंगे। मेले में नए एवं पूर्व प्रशिक्षित आईटीआई प्रशिक्षुओं सहित सभी वर्गों के युवाओं के लिए विभिन्न ट्रेड्स में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण, कौशल उन्नयन कार्यक्रम तथा भविष्य में प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
आईटीआई टनकपुर के प्रधानाचार्य श्री लोकेश चंद्र भट्ट ने बताया कि मेले में विभिन्न प्रमुख उद्योग प्रतिष्ठान सहभागिता करेंगे तथा जिला उद्योग केंद्र, चम्पावत एवं सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को पंजीकरण प्रक्रिया, करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपद के सभी युवाओं, अभिभावकों एवं संबंधित संस्थाओं से इस अप्रेंटिसशिप मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल युवाओं को कौशल आधारित रोजगार से जोड़ने का माध्यम बनेगा, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी रखेगा।
अधिक जानकारी हेतु इच्छुक अभ्यर्थी आईटीआई टनकपुर से संपर्क कर सकते हैं।
*श्री लोकेश चंद्र भट्ट प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, टनकपुर, जनपद चम्पावत। मोबाइल: 8869000236*
Jaya punetha editor in chief ।



