*बीस सूत्रीय कार्यक्रम में चम्पावत जिला प्रदेश भर में शीर्ष पर, विकास योजनाओं में लहराया परचम*

Spread the love

चम्पावत,

*बीस सूत्रीय कार्यक्रम में चम्पावत जिला प्रदेश भर में शीर्ष पर, विकास योजनाओं में लहराया परचम*

*जून माह की रैंकिंग में 76.42 प्रतिशत अंकों के साथ चम्पावत ने बरकरार रखा अपना पहला स्थान*

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की दूरदर्शी कार्यशैली, सतत निगरानी एवं प्रभावी समन्वय के चलते जनपद चम्पावत ने भारत सरकार के महत्वाकांक्षी बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में प्रदेश भर में एक बार फिर से प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

जिले ने विकासपरक योजनाओं के जमीनी स्तर पर सफल संचालन और परिणामोन्मुखी प्रशासनिक संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए जून 2026 की मासिक रैंकिंग में भी अपना दबदबा कायम रखा है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के जून माह की समीक्षा में चम्पावत जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 40 श्रेणीबद्ध मदों में से 30 में उत्कृष्ट ‘A’ ग्रेड हासिल किया है। इसके अतिरिक्त, जनपद ने 3 मदों में ‘B’ श्रेणी, 1 मद में ‘C’ श्रेणी तथा 6 मदों में ‘D’ श्रेणी प्राप्त की है। इस प्रकार, जिले ने कुल 123 अंकों में से रिकॉर्ड 94 अंक अर्जित कर 76.42 प्रतिशत की अभूतपूर्व उपलब्धि के साथ राज्य सूची में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि इस तालिका में पिथौरागढ़ (73.5%) दूसरे और चमोली (72.65%) तीसरे स्थान पर रहे हैं।

 

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों, फील्ड स्टाफ और कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन का परम ध्येय मात्र शीर्ष रैंकिंग पाना नहीं है, बल्कि सरकार की प्रत्येक कल्याणकारी और जनोपयोगी योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता और उच्च गुणवत्ता के साथ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आने वाले महीनों में भी इसी समर्पण और ऊर्जा के साथ कार्य संस्कृति को और मजबूत किया जाए, ताकि चम्पावत जिला विकास के मानकों पर निरंतर अग्रणी बना रहे।

Jaya punetha editor in chief ।