चम्पावत
*जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत ठाटा में लगा जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर*
*सेवा पखवाड़ा: जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर दिए त्वरित समाधान के निर्देश*
*शिविर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत खेती-बाड़ी हेतु महेश चन्द्र को 50 हजार रुपये का शून्य ब्याज ऋण का चेक प्राप्त हुआ*
*शिविर के माध्यम से कुल 434 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से किया गया लाभान्वित*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकासखंड लोहाघाट की ग्राम पंचायत ठाटा में जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने की, जबकि दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी,दर्जा राज्य मंत्री श्री सुभाष बगोली सहित अन्य गणमान्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहें। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जरूरतमंदों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराए जाने की दिशा में ग्राम बटोली निवासी किसान श्री महेश चन्द्र को सहकारिता विभाग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत खेती-बाड़ी हेतु 50 हजार रुपये का शून्य ब्याज ऋण का चेक प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे।
शिविर में स्वास्थ्य, आयुष, कृषि, उद्यान, सहकारिता, समाज कल्याण, राजस्व, पंचायतीराज, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, विद्युत, पेयजल, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा मौके पर ही विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं। चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष विभाग द्वारा होम्योपैथिक परामर्श एवं औषधि वितरण, कृषि विभाग द्वारा कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए। साथ ही विभिन्न प्रमाण-पत्रों के निर्गमन, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित अन्य जनसेवाओं का भी मौके पर निस्तारण किया गया।शिविर के माध्यम से कुल 434 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों से जुड़े लगभग 25 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सुरक्षा दीवार निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेयजल, विद्युत, सड़क, पुल निर्माण, पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित प्रार्थना-पत्र शामिल रहे। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम पाटन पाटनी निवासी श्री बसंत सिंह ने सुरक्षा दीवार निर्माण तथा ग्राम सुदरका निवासी श्री रमेश चन्द्र ने पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत संबंधी प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया। वहीं ठाटा निवासी श्री शिवशंकर पाठक ने कई ग्रामीणों के राशन कार्ड बनाए जाने तथा ग्राम नरकोट निवासी श्री नवीन अधिकारी ने पेयजल लाइन की मरम्मत कराए जाने का आवेदन दिया। इस पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सेवा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर नागरिकों की समस्याओं का उनके द्वार पर ही समाधान करना तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ते और अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो जाता है।
दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी ने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों के गाँव में मिल रहा है इसके लिए उन्होंने मा. मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों के द्वारा लगाए गए स्टॉलो की सराहना की।
ग्राम प्रधान श्री मोहित पाठक ने सेवा पखवाड़ा अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत ठाटा सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में घेरबाड़, पक्की सड़कें, लाइब्रेरी तथा स्थानीय डेयरी उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे कार्यों से ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। इसके लिए उन्होंने मा. मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्री सुभाष बगोली, पूर्व विधायक श्री पूरन सिंह फर्त्याल, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य श्री सतीश पाण्डेय, प्रदेश भाजपा मंत्री श्री निर्मल माहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री गिरीश कुंवर, ग्राम प्रधान श्री मोहित पाठक, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी श्रीमती नीतू डांगर, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




