75 लाख की हेरोइन बरामद, चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता
253 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिना नंबर की बाइक, मोबाइल और नकदी भी बरामद
चम्पावत। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 75 लाख रुपये की अंतरराष्ट्रीय कीमत वाली 253 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा 900 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के कारोबार और इसके नेटवर्क के खिलाफ बेझिझक आगे आएं और पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है जो किसी भी परिवार को बर्बाद कर सकती है और नशे का कारोबारी कभी भी समाज का हितैषी नहीं हो सकता।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली टनकपुर चेतन रावत तथा एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे पटरी के समीप चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बाइक के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 253 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम मंसूरी पुत्र सलीम मंसूरी निवासी बनबसा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीलीभीत निवासी हरि सिंह से हेरोइन खरीदकर क्षेत्र में उसका कारोबार करता था। पुलिस ने मामले में हरि सिंह को भी नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में एसआई तेज कुमार, एसआई प्रकाश भट्ट, मुख्य आरक्षी ललित श्रीवास्तव, तपेन्द्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र गंगवाल, उमेश राज तथा दीपक कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा तथा नशा तस्करों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।




