मानेश्वर समाचार।
09 जुलाई 2025
*दूरस्थ ग्राम दुधौरी में आयोजित पशु चिकित्सा शिविर में 42 पशुओं का उपचार, चारा बीज और औषधियों का वितरण*
*पशुपालकों को दी गई पोषण, देखभाल एवं रोग नियंत्रण संबंधी जानकारी*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में चंपावत में दूरस्थ एवं दुर्गम ग्राम दुधौरी में राजकीय पशु चिकित्सालय सचल चंपावत द्वारा एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया की पशुपालन विभाग द्वारा चलाए जा रहे जनपदीय पशु स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना तथा रोगों की समय रहते पहचान कर उनका प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में क्षेत्र के कुल 12 पशुपालकों द्वारा लाए गए 42 पशुओं की जांच कर उन्हें आवश्यक औषधियां एवं विटामिन सप्लीमेंट उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त पशुओं के समुचित पोषण हेतु मक्का एवं चरी के उन्नत किस्मों के चारा बीज भी वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों को आने वाले समय में चारे की पर्याप्त व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।
पशुपालकों को शिविर के दौरान पशुओं में मौसमी रोगों की रोकथाम, टीकाकरण, संतुलित आहार, साफ-सफाई और नियमित देखभाल संबंधी विस्तृत जानकारी भी दी गई।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी श्रीमती गर्ब्याल ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से पशुपालकों में पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है, जिससे पशुओं की उत्पादकता में सुधार आ रहा है। साथ ही जनपद के अन्य दुर्गम एवं सीमांत गांवों में भी इस प्रकार के पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर पशुपालकों को लाभान्वित किया जाएगा।
इस शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारी, फार्मेसी अधिकारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे, जिन्होंने गांव तक पहुंचकर सेवा सुनिश्चित की।
Jaya punetha editor in chief ।




