चम्पावत 14 जनवरी, 2026
*मुख्यमंत्री श्री धामी ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में चम्पावत में “जन-जन की सरकार” कार्यक्रम की सराहना की*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर स्थित माता रणकोची मंदिर परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत जनपद चम्पावत में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में इस कार्यक्रम के अंतर्गत सबसे पहले विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाती है, जिसके आधार पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने जनपद के सभी अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता की समस्याओं के समाधान में जुटा हुआ है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में 17 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 तक जनपद की समस्त न्याय पंचायतों में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिविरों के दौरान ही पात्र लाभार्थियों को सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा शिविरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और नागरिकों की जरूरतों को पूरा करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




