मॉडल जिला चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी छलांग, तीन माह में 550 से अधिक सफल ऑपरेशन।

मॉडल जिला चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी छलांग, तीन माह में 550 से अधिक सफल ऑपरेशन।

एमआरआई, डायलिसिस, आईसीयू, ब्लड बैंक और आधुनिक उपकरणों से जिला अस्पताल बना भरोसे का केंद्र, मरीजों का बाहर रेफर होना हुआ कम।

चंपावत। मुख्यमंत्री की परिकल्पना के मॉडल जिला चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। जिला चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से अब अधिकांश गंभीर बीमारियों का उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो रहा है। हेड इंजरी और अत्यंत जटिल हृदय रोगों को छोड़कर अधिकांश मरीजों का इलाज अब जिले में ही किया जा रहा है।

जिला चिकित्सालय में सर्जन डॉ. हिमांशु पांडे और डॉ. लता की सेवाओं से जटिल एवं गंभीर ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। बीते तीन माह में विभिन्न प्रकार के 550 से अधिक ऑपरेशन किए गए हैं, जो जिला अस्पताल के लिए एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का उद्देश्य रहा है कि मॉडल जिला चंपावत के लोगों को ऐसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों, जिससे उन्हें हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों में रेफर न होना पड़े। इसी दिशा में अस्पताल में एमआरआई, डायलिसिस, आईसीयू, ब्लड बैंक और जीवनरक्षक उपकरणों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका परिणाम यह है कि अब न केवल मरीजों का बाहर जाना कम हुआ है, बल्कि दिल्ली और अन्य शहरों में इलाज कराने वाले कई मरीज भी जिला अस्पताल का रुख कर रहे हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार की नियमित मॉनिटरिंग और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान के समन्वय से अस्पताल में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। पिछले एक वर्ष में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। डायलिसिस सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए नई मशीनें स्थापित की जा रही हैं, जबकि आईसीयू के सभी बेड व्यस्त रहने के कारण उसकी क्षमता भी बढ़ाई जा रही है।

ब्लड बैंक की सुविधा से अनेक मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो रहा है। जल्द ही ऐसी अत्याधुनिक यूनिट भी स्थापित की जाएगी, जिससे प्लाज्मा पृथक्करण और रक्त अवयवों की उपलब्धता जैसी सुविधाएं भी मिल सकेंगी। वहीं एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस और आधुनिक एमआरआई सेवा मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही हैं।

जिला प्रशासन द्वारा लोहाघाट, टनकपुर, पाटी और रीठा साहिब जैसे क्षेत्रों में भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रीठा साहिब में एक्स-रे सुविधा शुरू होने से लोगों को 75 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल नहीं आना पड़ रहा है। वहीं लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय की बेहतर व्यवस्थाओं से जिला अस्पताल पर मरीजों का दबाव लगभग 50 प्रतिशत तक कम हुआ है।

बॉक्स :

लोग मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का जता रहे आभार।

चम्पावत। स्वास्थ्य सेवाओं में आए व्यापक सुधार का लाभ उठा रहे लोग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त कर उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं। वहीं मॉडल जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के तेजी से विस्तार और प्रभावी व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली की भी सराहना की जा रही है।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement