जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास निधि की बैठक में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव स्वीकृत।

चम्पावत 12 मई 2026

*जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास निधि की बैठक में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव स्वीकृत*

*स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती और छात्रों को राहत, बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय*

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास चम्पावत श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय में जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास निधि की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खनन प्रभावित क्षेत्रों एवं वहां निवासरत लोगों के हित में संचालित समस्त योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों को स्वीकृत धनराशि का प्रभावी उपयोग करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान पूर्व में स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नियुक्त एक्स-रे टेक्निशियन की नियुक्ति अवधि के विस्तार संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होती रहेंगी।

शिक्षा क्षेत्र में दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को विद्यालय तक सुगम आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न विद्यालयों के लिए परिवहन सुविधा संबंधी प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

इसके अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुखीढांग के छात्र-छात्राओं के लिए वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनसे धूरा, वयालधूरा, मथियाबांझ एवं चौड़ाकोट क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज सुखीढांग के लिए सिलाड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों हेतु वाहन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

इसी क्रम में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विविल के छात्र-छात्राओं के आवागमन हेतु वाहन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई, जिससे सिमलौदा, पन्थयूरा, भट्टाग, अगौड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।

इसके अतिरिक्त राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बापरू के छात्र-छात्राओं के लिए भी वाहन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास निधि का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ देवेश चौहान, प्र मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, प्र जिला खान अधिकारी राहुल रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement