चम्पावत 12 मई 2026
*स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने दिए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश*
जिला सभागार चम्पावत में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं, मानव संसाधन, धुलाई व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वच्छकों के अनुबंध की प्रक्रिया जनपद स्तर से मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के माध्यम से सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यवस्थाओं में पारदर्शिता एवं सुगमता बनी रहे।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी प्रस्ताव अथवा कार्यवाही से पूर्व अनुमोदन से सम्बन्धित समस्त विवरण स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किए जाएं।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता, सभी अस्पतालों में उपकरणों की स्थिति तथा आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं नियमित एवं प्रभावी रूप से संचालित हो सकें।
जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय सहित समस्त उपजिला चिकित्सालयों में व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
सभी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इन क्षेत्रों में उच्च स्तरीय एवं त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकासखंड में संचालित एएनएम सेंटर एवं डिलीवरी सेंटर को और अधिक सक्षम एवं सुविधायुक्त बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने समस्त चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग करते हुए जनहित में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जनपद के समस्त सीएमएस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।



