चम्पावत, 12 मई 2026
*NH-9 चौड़ीकरण परियोजना को मिली रफ्तार, भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू*
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जनपद चम्पावत की तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-9 (NH-9) के कि.मी. 38.00 से कि.मी. 52.200 तक सड़क चौड़ीकरण, रखरखाव, प्रबंधन एवं संचालन हेतु भूमि अधिग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है।
प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत तहसील पूर्णागिरि के 12 राजस्व ग्राम— टनकपुर, ज्ञानखेड़ा, मोहनपुर, मोचाई/विचाई, मनिहार गोठ, देवरामपुर उर्फ सीतापुर, फागपुर, चन्दनी, भजनपुर, बमनपुरी, पचपकरिया एवं बनबसा (सिटी) को शामिल किया गया है।
परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित होने के साथ-साथ आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित काश्तकारों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उप जिलाधिकारी एवं सक्षम प्राधिकारी (भू-अधिग्रहण) पूर्णागिरि श्री विपिन चन्द्र पन्त ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 3A के अंतर्गत अधिसूचना का प्रकाशन दिनांक 07 मई 2026 को भारत के राजपत्र में किया जा चुका है। जिसके तहत 12 ग्रामों के कुल 235 खसरा नंबरो की 10.4089 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को प्रस्तावित भूमि अर्जन अथवा उसके उपयोग को लेकर कोई आपत्ति हो, तो वह अधिसूचना प्रकाशन की तिथि से 21 दिवस के भीतर, अर्थात 28 मई 2026 तक अपने साक्ष्यों सहित लिखित आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुनवाई से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि तकनीकी एवं राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा सके तथा आमजन एवं प्रभावित काश्तकारों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
Jaya punetha editor in chief ।



