नगरीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर, जिलाधिकारी ने नागरिक सुविधाओं एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा।

Spread the love

चम्पावत 12 मई 2026

*नगरीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर, जिलाधिकारी ने नागरिक सुविधाओं एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा*

जनपद के समस्त नगर निकायों में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं नगरीय सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, स्ट्रीट लाइट, नालियों की सफाई, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों तथा सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निकायों में ट्रेंचिंग ग्राउंड एवं कूड़ा निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रामेल मशीनों का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, जिससे अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बन सके।

उन्होंने नगर क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान संचालित करने, आवारा पशुओं एवं गौवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा आमजन को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नगर पालिका परिषद लोहाघाट, टनकपुर एवं चम्पावत की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विशेष रूप से लेगेसी वेस्ट एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनजीटी से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पूर्ण अनुपालन किया जाए।

जिलाधिकारी में नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंडों में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर निकायों को नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों के कटान, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा जलभराव की समस्या के समाधान हेतु विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने बरसात से पूर्व सभी संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में जनपद में रजत जयंती पार्क निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को सफाई कर्मियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, प्लास्टिक अपशिष्ट के पृथक्करण पर विशेष ध्यान देने तथा जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, दीपक बुदलाकोटी, ऋषभ उनियाल, सौरभ नेगी, कमल महरा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।