मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 31 अगस्त 2025
*अपर जिलाधिकारी ने अमोडी – छतकोट – सिप्टी – ललुवापानी मार्ग और स्वाला का किया निरीक्षण*
*भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट: अपर जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार, जनपद में निर्बाध यातायात व्यवस्था एवं यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा ने रविवार को अमोडी – छतकोट – सिप्टी – ललुवापानी – चंपावत मार्ग का निरीक्षण किया।इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी ने स्वाला पहुंचकर वहां की स्थिति का भी अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि कल देर शाम भारी वर्षा एवं पहाड़ी से लगातार गिरते मलबे के बीच स्वाला में यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया था, किंतु पुनः तेज वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-09 अवरुद्ध हो गया।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण सुरक्षा एवं सतर्कता बरतते हुए राजमार्ग को शीघ्र सुचारु करें। साथ ही उन्होंने वैकल्पिक मार्गों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मार्ग हर स्थिति में खुला रहे।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने की दशा में वैकल्पिक मार्गों को सुचारु रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि यातायात व्यवस्था निर्बाध रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




