चंपावत 19 फरवरी 2026
*एबट माउंट बना बर्डिंग हब की ओर अग्रसर, 52 पक्षी प्रजातियों का हुआ वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण*
चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के अंतर्गत 19 व 20 फरवरी को एबट माउंट वन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में दो दिवसीय पक्षी जैव विविधता आकलन एवं प्रलेखन कार्यक्रम का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पाई जाने वाली पक्षी प्रजातियों का वैज्ञानिक आकलन, प्रजातियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण तथा भविष्य में प्रकृति पर्यटन एवं बर्डिंग गतिविधियों के सुदृढ़ विकास हेतु आधारभूत आंकड़ों का संकलन करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत अनुभवी पक्षी विशेषज्ञों की 15 सदस्यीय टीम द्वारा पूर्व निर्धारित चार रूट्स पर ट्रांसेक्ट पद्धति के माध्यम से सुनियोजित सर्वेक्षण किया गया।
सर्वेक्षण के दौरान कुल 52 पक्षी प्रजातियों का अवलोकन एवं पहचान की गई। प्रत्येक प्रजाति की संख्या, आवास, व्यवहार एवं उपस्थिति संबंधी विस्तृत विवरण दर्ज कर प्रारंभिक जैव विविधता विश्लेषण हेतु चेकलिस्ट तैयार की गई।
एबट माउंट क्षेत्र पारिस्थितिकीय दृष्टि से अत्यंत समृद्ध एवं संभावनाशील है। यहां की विविध वनस्पति एवं प्राकृतिक वातावरण इसे एक उभरते हुए बर्डिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए उपयुक्त बनाते हैं।
इस पहल से न केवल क्षेत्र की जैव विविधता का वैज्ञानिक दस्तावेज तैयार होगा, बल्कि प्रकृति-आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही, जनमानस में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता को भी सुदृढ़ किया जा सकेगा।
विशेषज्ञ दल में श्री बची सिंह बिष्ट, राजेश भट्ट, सुबेंदु शर्मा, नवीन उपाध्याय, विवेक रावत, दीप मेलकानी, हिमांशु तिरवा, भास्कर सती सहित अन्य सदस्य सम्मिलित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




