मा मुख्यमंत्री के निर्देशों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए वृहद मॉक अभ्यास आयोजित*

*मा मुख्यमंत्री के निर्देशों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए वृहद मॉक अभ्यास आयोजित*

 

*भूकंप, आगजनी और भूस्खलन की काल्पनिक आपदा परिस्थितियों में जिला एवं तहसील स्तरीय आईआरएस सिस्टम सक्रिय, राहत एवं बचाव कार्यों का किया गया अभ्यास*

 

*चम्पावत, 28 मार्च 2026, सूवि।*

 

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में प्राकृतिक आपदाओं एवं आकस्मिक दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की क्षमता को परखने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद चम्पावत में जिला प्रशासन द्वारा वृहद मॉक अभ्यास (Mock Drill) आयोजित किया गया।

 

अपर जिलाधिकारी श्री कृष्ण नाथ गोस्वामी कि अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय सभागार में अभ्यास के अंतर्गत चम्पावत एवं लोहाघाट एवं टनकपुर तहसीलों में अलग-अलग आपदा परिदृश्य तैयार कर राहत, बचाव, चिकित्सा सहायता, संसाधनों की तैनाती तथा आपातकालीन संचार व्यवस्था की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया गया।

 

अभ्यास के दौरान जिला चिकित्सालय चम्पावत में आग लगने, जवाहर नवोदय विद्यालय चम्पावत में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने, राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत में भूकंप के कारण शॉर्ट सर्किट होने, उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में भूकंप से भवन के हिस्से को क्षति पहुंचने, राजीव गांधी विद्यालय लोहाघाट में आग लगने तथा राजकीय इंटर कॉलेज लोहाघाट में भूस्खलन होने तथा टनकपुर के उप जिला चिकित्सालय में आगजनी की काल्पनिक परिस्थितियां निर्मित की गईं।

 

जिला चिकित्सालय में आग लगने की स्थिति में पांच लोगों को निकाला गया, तीन गंभीर घायलों के लिए एयर एंबुलेंस की आवश्यकता प्रदर्शित

मॉक अभ्यास के अंतर्गत जिला चिकित्सालय चम्पावत में आग लगने की काल्पनिक घटना के दौरान घटनास्थल से पांच लोगों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई प्रदर्शित की गई। इनमें से तीन व्यक्तियों के गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति दर्शाई गई, जिनके बेहतर एवं त्वरित उपचार हेतु एयर एंबुलेंस सेवा की आवश्यकता का आकलन किया गया।

 

इस परिदृश्य के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों को सुरक्षित निकालने, चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की तैयारियों को परखा गया।

 

आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय एवं संसाधनों की उपलब्धता परखा गया

मॉक अभ्यास के माध्यम से आपदा की सूचना प्राप्त होने से लेकर संबंधित टीमों की सक्रियता, घटनास्थल तक संसाधनों की उपलब्धता, घायलों के रेस्क्यू, चिकित्सा सहायता, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को समयबद्ध, प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की तैयारियों को सुदृढ़ करना रहा।

 

मॉक अभ्यास के दौरान प्रदर्शित घटनाओं में जनहानि शून्य रही। वर्तमान में संबंधित थानों एवं तहसीलों से क्षति के आकलन एवं कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की जा रही है।

 

जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभ्यास महत्वपूर्ण हैं, जिससे वास्तविक आपदा के समय नागरिकों की सुरक्षा एवं राहत कार्यों को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जा सके।

 

इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक डी. एस. कप्रवाण, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, कमांडेंट एसएसबी, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, एसडीआरएफ, जिला स्तरीय अधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ..

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement