चंपावत 01 जुलाई 2026
*मतदाता सूची को शुद्ध बनाने के लिए प्रशासन और राजनैतिक दल मिलकर करेंगे काम, उप जिलाधिकारी ने बीएलए को दिए आपसी समन्वय के निर्देश*
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के कुशल निर्देशन में आज उप जिलाधिकारी चम्पावत श्री बिपिन चंद्र पंत की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों/ बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, त्रुटिहीन और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई अहम और तकनीकी बिंदुओं पर मंथन किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से ‘रोल बैक’ प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही, उप जिलाधिकारी श्री बिपिन चंद्र पंत ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि यदि तकनीकी कारणों या किसी अन्य मानवीय चूक की वजह से किसी भी वैध नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलती से कट गया है, तो उसे नियमानुसार दोबारा कैसे जोड़ा जाए। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को इस पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया ताकि धरातल पर किसी भी पात्र व्यक्ति को परेशानी न हो।
उप जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद सभी बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को कहा कि वे मैदानी स्तर पर काम कर रहे बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की पूरी मदद करें। उन्होंने कहा कि आप सभी लोग भी अपने-अपने स्तर पर मतदाता सूचियों का गहनता से परीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र के किन वैध मतदाताओं के नाम जोड़े जाने शेष हैं और किनके नाम त्रुटिवश कट गए हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम हमारे पारदर्शी लोकतांत्रिक तंत्र की असली बुनियाद है, इसलिए आपसी समन्वय के साथ काम करके एक शुद्ध मतदाता सूची तैयार करना प्रशासन और राजनीतिक दलों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में निर्वाचन कार्यालय के भाजपा से नंदन तड़ागी, कांग्रेस से विमल पांडे तथा सपा से ललित मोहन भट्ट व अन्य उपस्थित रहे।




