मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार होगा विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश का निर्णय : जिलाधिकारी ।

Spread the love

चम्पावत, 01 जुलाई 2026

*मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार होगा विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश का निर्णय : जिलाधिकारी*

जनपद में मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने निर्देश दिए हैं कि भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान, स्थानीय मौसम की स्थिति, अतिवृष्टि, भूस्खलन, नदी-नालों एवं गाड़-गधेरों में जलस्तर वृद्धि सहित अन्य आपदा संबंधी परिस्थितियों का सतत आकलन करते हुए आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया जाएगा ।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा अथवा अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सड़क एवं पैदल मार्ग बाधित होने की स्थिति में विद्यार्थियों एवं नौनिहालों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसे में किसी भी प्रकार का जोखिम न हो, इसके लिए समयबद्ध एवं त्वरित निर्णय सुनिश्चित किए जाएं।

 

उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास को निर्देशित किया है कि वे भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमानों की नियमित निगरानी रखें तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, चम्पावत से समन्वय एवं आवश्यक सुझाव प्राप्त करते हुए स्थानीय परिस्थितियों, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों की भौतिक स्थिति तथा संवेदनशीलता के आधार पर सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित करने संबंधी तात्कालिक एवं विवेकपूर्ण निर्णय लें।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अवकाश संबंधी प्रत्येक निर्णय की सूचना तत्काल उन्हें उपलब्ध कराई जाए तथा संबंधित विभागों, विद्यालयों, अभिभावकों एवं आमजन को विभिन्न माध्यमों से समय पर अवगत कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो और विद्यार्थियों की सुरक्षा हर स्थिति में सुनिश्चित की जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।