चम्पावत, 22 जून 2026
**युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, वृद्धजन देखभाल प्रशिक्षण हेतु करें आवेदन*
*अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वृद्धजनों की देखभाल हेतु निःशुल्क जेरियाट्रिक केयर प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित*
निदेशालय समाज कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वृद्धजनों की देखभाल हेतु जेरियाट्रिक केयर गिवर (Geriatric Care Giver) प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026-27 में 30 पात्र अभ्यर्थियों को तीन माह का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान आवास एवं भोजन की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत रोजगार उपलब्ध कराने में भी सहायता प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपद के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से इस योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल रोजगार के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि वृद्धजनों की सेवा एवं देखभाल के क्षेत्र में दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकें।
जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी उत्तराखण्ड का स्थायी निवासी होना चाहिए। आवेदक की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट तथा आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। प्रशिक्षण की अवधि तीन माह होगी, जिसे पूर्ण करना अनिवार्य रहेगा। वृद्धजनों की देखभाल में रुचि रखने वाले पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र ए-4 आकार के कागज पर निर्धारित प्रारूप के अनुसार तैयार कर 30 जून 2026 तक रजिस्टर्ड अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से निदेशक समाज कल्याण, उत्तराखण्ड, मानपुर पूरब, रामपुर रोड, हल्द्वानी (नैनीताल)-263139 के पते पर भेज सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 05946-297051, ई-मेल directorsocialwelfare@gmail.com अथवा विभागीय वेबसाइट www.socialwelfare.uk.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।




