*’उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026′ हेतु 30 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित*

Spread the love

चम्पावत,

*’उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026′ हेतु 30 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित*

उत्तराखण्ड सरकार द्वारा विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026’ प्रदान किया जाना प्रस्तावित है। इस संबंध में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपद के इच्छुक एवं पात्र महानुभावों तथा नागरिकों से निर्धारित प्रारूप पर आवेदन करने का आग्रह किया है।

यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिनके उल्लेखनीय कार्यों से उत्तराखण्ड का नाम राज्य, राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ हो, अथवा जिन्होंने राज्य के विकास में उत्कृष्ट योगदान दिया हो और जिनके कार्यों को राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त हुई हो।

पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप पर आवेदन तैयार कर उसमें अंकित तथ्यों का सत्यापन संबंधित जिलाधिकारी के माध्यम से कराते हुए सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, सोबन सिंह जीना भवन, सचिवालय परिसर, सुभाष रोड, देहरादून–248001 के पते पर निर्धारित तिथि तक प्रेषित करें।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि निर्धारित समयावधि में प्राप्त आवेदनों का संकलन कर मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन की अध्यक्षता में गठित समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। समिति प्राप्त आवेदनों एवं अपने विवेक से सुझाए गए नामों पर विचार कर पात्र व्यक्तियों के नाम पुरस्कार हेतु संस्तुत करेगी। समिति की संस्तुति पर माननीय मुख्यमंत्री के अनुमोदन उपरांत चयनित महानुभावों के नाम घोषित किए जाएंगे तथा उन्हें निर्धारित समारोह में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा ‘उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से अधिकाधिक संख्या में आवेदन करने तथा इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है। पुरस्कार से संबंधित दिशा-निर्देश एवं आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध हैं।

Jaya punetha editor in chief ।