*क्षेत्र पंचायत लोहाघाट की प्रथम बैठक में विकास प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित*।

चम्पावत 28 जनवरी 2026

*क्षेत्र पंचायत लोहाघाट की प्रथम बैठक में विकास प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित*

विकासखंड लोहाघाट की क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक ब्लॉक सभागार लोहाघाट में ब्लॉक प्रमुख श्री महेन्द्र सिंह ढेक की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिससे क्षेत्र के समग्र एवं सुनियोजित विकास की दिशा में ठोस निर्णय लिए गए।

बैठक में विकासखंड लोहाघाट के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय आवश्यकताओं को रखते हुए सोलर लाइट स्थापना, सोलर पेयजल टैंक की व्यवस्था, सड़कों के सुधार कार्य, पुस्तकालय निर्माण, इंटरलॉक टाइल्स बिछाने, पंचायत भवनों के सुधार, विद्यालय भवन निर्माण, नौलों के जीर्णोद्धार तथा सार्वजनिक शौचालय निर्माण सहित अनेक विकास प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आबादी और आवश्यकता के अनुरूप सामुदायिक स्थलों पर सोलर लाइटें स्थापित की जाएं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल संस्थान अथवा पेयजल निगम की अनुमति के बिना पेयजल कनेक्शन न तोड़े जाएं। साथ ही विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने और पेयजल योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

प्रधान खातेडा मल्ला द्वारा की गई शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को निर्देशित किया कि संबंधित पेयजल टैंक की सफाई आज सायं तक सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से ग्राम स्वच्छता समितियों की जिम्मेदारी सक्रिय रूप से निभाने तथा उपयोगकर्ता शुल्क संग्रह के प्रति ग्रामीणों को प्रेरित करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कृषि, पशुपालन, डेयरी तथा सहकारिता विभागों को भी निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के लिए पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यकतानुसार पानी के टैंक निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों को विभागीय योजनाओं में प्राथमिकता दी जाए तथा उन पर समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी समस्याएँ, सुझाव और प्रस्ताव सदन तक पहुँचाने एवं बैठक की गरिमा बनाए रखने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

ब्लॉक प्रमुख श्री महेन्द्र सिंह ढेक ने कहा कि क्षेत्र पंचायत का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पारित प्रस्तावों के माध्यम से विकासखंड लोहाघाट में बुनियादी सुविधाओं को और सशक्त किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए उनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख किशोर रावत, कनिष्ठ प्रमुख प्रकाश चन्द्र, विधायक प्रतिनिधि चांद बोहरा, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, खंड विकास अधिकारी कविन्द्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement