चम्पावत, 29 सितम्बर 2025
*क्रान्तेश्वर ट्रैक पर 52 लोगों ने किया श्रमदान, स्वच्छता व नशा मुक्त का दिया संदेश*
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर चम्पावत में आस्था और प्रकृति के संरक्षण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए, क्रान्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर और उससे जुड़े सुरम्य ट्रैक मार्ग पर वृहद स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान संचालित किया गया। यह अभियान पर्यटन विभाग द्वारा ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार के निर्देश और जिला पर्यटन विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में यह पहल टी-गार्डन दुधपोखरा से क्रान्तेश्वर महादेव मंदिर तक के पूरे ट्रैक मार्ग पर केंद्रित रही। इसका उद्देश्य न केवल मार्ग की साफ-सफाई करना था, बल्कि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों में स्वच्छता व नशा मुक्त को लेकर संवेदनशीलता बढ़ाना भी रहा।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। कुल 52 प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को सफल और प्रेरणादायी बनाया।
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पवित्र स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि चम्पावत की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक धरोहर सदैव अक्षुण्ण बनी रहे ।
Jaya punetha editor in chief ।




