चम्पावत 25 मार्च 2026
*गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत चला विशेष अभियान, 8 कुंतल कचरा हटाया गया*
*गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत घटोत्कच मंदिर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार आज दिनांक 25 मार्च 2026 को जिला गंगा समिति, चंपावत के तत्वाधान में चंपावत रेंज, चंपावत वन प्रभाग द्वारा घटोत्कच मंदिर के समीप आरक्षित वन क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम 16 से 31 मार्च, 2026 तक संचालित “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा” के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला गंगा समिति श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार तथा सदस्य संयोजक/प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार एवं वन क्षेत्राधिकारी ब्रजमोहन टम्टा के मार्गदर्शन तथा जिला परियोजना अधिकारी के समन्वय से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित जन-जागरूकता अभियान के साथ की गई। इस दौरान आमजन को यह संदेश दिया गया कि जल स्रोत एवं वन केवल प्राकृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं, जिनकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के अंतर्गत प्रतिभागियों द्वारा घटोत्कच मंदिर के समीप आरक्षित वन क्षेत्र में सघन सफाई अभियान चलाया गया।
इस अभियान में 70 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए लगभग 50 कट्टों में करीब 8 कुंतल ठोस अपशिष्ट एकत्रित किया गया। एकत्रित कचरे को नगर पालिका, चंपावत द्वारा ललूवापानी रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारित किया गया।
प्रतिभागियों को प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को निर्धारित कूड़ेदानों में डालने तथा “कम उपयोग–पुनः उपयोग–पुनर्चक्रण (Reduce, Reuse, Recycle)” की जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी को “गंगा स्वच्छता शपथ” दिलाई गई, जिसमें गंगा एवं उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु नागरिक के रूप में कार्य करने का संकल्प लिया गया।
Jaya punetha editor in chief ।



