आमबाग में समावेशी खेल प्रतियोगिता का आयोजन, प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम
विकासखंड स्तर के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे चयनित विद्यार्थी, पदक व प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
आमबाग, टनकपुर (चंपावत)। विशेष आवश्यकता वाले किशोर-किशोरियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनमें खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से आमबाग, टनकपुर में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के लिए एक दिवसीय वार्षिक समावेशी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान रस्साकशी, रिले रेस, बॉल थ्रो सहित विभिन्न खेल गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं खेल कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास, सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, चयनित विद्यार्थी विकासखंड स्तर की प्रतियोगिता के पश्चात राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच मिलेगा।
कार्यक्रम का आयोजन बीआरपी राहुल कुमार, विशेष शिक्षक श्री ईश्वरी दत्त जोशी, सीआरसी वासु सरकार, मुकुल कन्याल एवं अन्य शिक्षकों के सहयोग से संपन्न हुआ। आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समावेशी खेल प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग मिलने पर विशेष आवश्यकता वाले किशोर-किशोरियाँ भी अपनी क्षमताओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
Jaya punetha editor in chief.




