समय किसी का इंतज़ार नहीं करता — ऊँचे लक्ष्य तय करें और लगन से गगन छूएँ: अपर जिलाधिकारी।

Spread the love

समय किसी का इंतज़ार नहीं करता — ऊँचे लक्ष्य तय करें और लगन से गगन छूएँ: अपर जिलाधिकारी।

मल्लिकार्जुन हायर सेकेंडरी स्कूल का पहला स्थापना दिवस रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया, मुख्य अतिथि ने बच्चों को दी प्रेरक सीख।

लोहाघाट। मल्लिकार्जुन हायर सेकेंडरी स्कूल लोहाघाट के पहले स्थापना दिवस समारोह का आगाज़ गुरुवार को मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरक संदेशों के बीच हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने बच्चों को जीवन में ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करने और समय की कीमत समझने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि “समय कभी किसी का इंतज़ार नहीं करता। जो समय के साथ चलते हैं और अपनी लगन से गगन छूने का प्रयास करते हैं, वही छात्र जीवन में अपने लक्ष्य हासिल करते हैं।”

उन्होंने बच्चों को अनुशासन, नैतिक शिक्षा और चारित्रिक मजबूती को जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूँजी बताया। गोस्वामी ने कहा कि छात्रों के संस्कार, आचार-विचार और व्यवहार ही उनके परिवार व विद्यालय की पहचान बनते हैं। उन्होंने सलाह दी कि शिक्षक और माता-पिता के प्रति सदैव कर्तव्यभाव रखें, क्योंकि वही आपके वास्तविक मार्गदर्शक हैं। मुख्य अतिथि ने कहा कि “जो विद्यार्थी अपने गुरुओं और माता-पिता के आशीर्वाद से वंचित हो जाते हैं, उनसे अधिक दुर्भाग्यशाली कोई नहीं।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता मल्लिकार्जुन ग्रुप ऑफ स्कूल्स के निदेशक रुद्राक्ष जोशी ने की, जबकि संचालन सलोनी शाह, प्रियांशी गोस्वामी, गोविंद बल्लभ जोशी, प्रियांशु टम्टा और कुंजल मनराल ने सफलतापूर्वक किया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने संगीत, नृत्य और शिक्षा से जुड़े विविध कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। खंड शिक्षा अधिकारी एवं भौतिक विज्ञान विशेषज्ञ घनश्याम भट्ट ने अपने संबोधन में बच्चों को ऊँचा उड़ने के टिप्स दिए और विज्ञान एवं अनुशासन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

विशिष्ट अतिथि एवं स्क्वाड्रन लीडर सूरत मेहता ने अपने जीवन के संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए बच्चों को कठिन परिश्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति की राह पर चलने के लिए प्रेरित किया। इससे पहले निदेशक रुद्राक्ष जोशी, प्रिंसिपल राहुल देव और विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।

Jaya punetha editor in chief ।