मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 09 सितम्बर 2025
*जिलाधिकारी ने अमित कुमार को पारंपरिक लौह शिल्प में योगदान के लिए किया सम्मानित*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में परंपरागत कला और ग्रामीण आजीविका को नई दिशा देने के लिए हो रहे प्रयासों की कड़ी में, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सोमवार को जिला सभागार में लोहाघाट निवासी श्री अमित कुमार को पारंपरिक लौह शिल्प के संरक्षण और उसे नई पहचान दिलाने में किए गए योगदान के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि अमित कुमार ने अपने प्रयासों से न केवल परंपरागत लौह शिल्प को पुनर्जीवित किया है, बल्कि इसे आधुनिक बाजार तक पहुँचाकर स्थानीय कारीगरों के लिए आजीविका और आत्मनिर्भरता के नए द्वार भी खोले हैं। ग्रोथ सेन्टर के माध्यम से वे कारीगरों को संगठित कर उनकी कला को देशभर में पहचान दिला रहे हैं।
जिलाधिकारी ने अमित कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण उद्योगों और पारंपरिक कला के संरक्षण के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी अमित कुमार के नेतृत्व में लोहाघाट का लौह शिल्प नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा और जिले का नाम रोशन करेगा।
अमित कुमार के संचालन में चल रहा ग्रोथ सेन्टर NRLM (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) से जुड़ा हुआ है, जहाँ कई शिल्पकार आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रोथ सेन्टर में तैयार होने वाले लौह उत्पादों की मांग देशभर में है और इन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेज़न के माध्यम से पूरे भारत में आपूर्ति की जा रही है।
ग्रोथ सेन्टर न केवल पारंपरिक शिल्प को संरक्षित कर रहा है, बल्कि इससे जुड़कर कारीगरों को स्थायी आजीविका और रोजगार भी मिल रहा है।
Jaya punetha editor in chief ।



