चंपावत नवोदय में आकार ले रहा भविष्य : आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से युक्त एकेडमिक ब्लॉक निर्माणाधीन।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चंपावत 30 जुलाई 2025

 

*चंपावत नवोदय में आकार ले रहा भविष्य: आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से युक्त एकेडमिक ब्लॉक निर्माणाधीन*

 

*जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लिया नवोदय विद्यालय निर्माण कार्य का जायजा, दिए समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदृष्टि एवं स्पष्ट नीति के अनुरूप चंपावत जनपद को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा का मॉडल जनपद बनाने की दिशा में तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है।इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, लोहाघाट में निर्माणाधीन एकेडमिक ब्लॉक एवं स्टाफ क्वार्टर्स का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की तथा कार्यदायी संस्था को समयबद्धता एवं निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि नवोदय विद्यालय जैसी संस्थाएं ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। ऐसे संस्थानों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ एवं समावेशी बनाकर ही राज्य की भावी पीढ़ी को एक सक्षम, समर्थ और सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर किया जा सकता है।इस परियोजना के अंतर्गत विद्यालय परिसर में ₹1469.73 लाख की लागत से तीन मंजिला एकेडमिक ब्लॉक एवं 18 स्टाफ क्वार्टर्स का निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य उत्तराखण्ड पेयजल निर्माण निगम, चंपावत द्वारा निष्पादित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ मई 2025 में हुआ था और इसे 18 माह की समयावधि में पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।निर्माणाधीन भवन में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए आधुनिक लाइब्रेरी एवं रीडिंग रूम, सुसज्जित परीक्षा कक्ष, बहुउद्देशीय मल्टीपरपज़ हॉल, विषयवार प्रयोगशालाएं, एनसीसी रूम, स्पोर्ट्स रूम, आधुनिक कक्षाएं, प्रशासनिक कार्यालय तथा सहयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही परिसर में जल निकासी, फायर सेफ्टी आदि भी सुनिश्चित किया जा रहा है।18 स्टाफ क्वार्टर्स का निर्माण शिक्षकों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु किया जा रहा है, जिससे वे पूर्ण समर्पण और निरंतरता के साथ शिक्षण कार्य कर सकें।विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अवगत कराया कि वर्तमान में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, लोहाघाट में 257 छात्र अध्ययनरत हैं, जिनके शिक्षण का उत्तरदायित्व 23 शिक्षकगण निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भवन के पूर्ण हो जाने से विद्यालय की आधारभूत संरचना अत्याधुनिक हो जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समग्र एवं प्रौद्योगिकी-संपन्न शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा और उनके बौद्धिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत विकास में उल्लेखनीय सुधार होगा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो।इस दौरान उप जिलाधिकारी लोहाघाट नितेश डांगर, तहसीलदार लोहाघाट जगदीश नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।

Jaya punetha editor in chief ।