पाटी ब्लॉक में अपर सचिव ने की केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा, साथ ही गोशनी गांव का निरीक्षण किया।

चम्पावत 22 जून 2026

*पाटी ब्लॉक में अपर सचिव ने की केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा, साथ ही गोशनी गांव का निरीक्षण किया*

उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार अपर सचिव लक्ष्मण सिंह ने विकासखंड पाटी में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख ध्वजवाहक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान विकासखंड मुख्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया गया।

समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), अमृत सरोवर योजना, मेरा गांव मेरी सड़क योजना, गौशाला निर्माण, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण कार्यक्रम, ग्रामीण आजीविका संवर्धन गतिविधियों तथा अन्य विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

इसके उपरांत अपर सचिव ने ग्राम गोशनी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों एवं निर्माण इकाई का अवलोकन किया। साथ ही अमृत सरोवर, मेरा गांव मेरी सड़क योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों तथा गौशाला निर्माण का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्रामीणों से संवाद के दौरान अपर सचिव लक्ष्मण सिंह ने कहा कि “केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

पाटी विकासखंड में महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी, आजीविका संवर्धन के प्रयास तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य सराहनीय हैं।”

उन्होंने कहा कि “सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और इसके लिए विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। स्थानीय समुदाय की सहभागिता से विकास कार्यों में पारदर्शिता और स्थायित्व सुनिश्चित होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार, जल संरक्षण, पशुपालन तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्य आत्मनिर्भर गांवों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।”

बैठक में खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल ने विकासखंड में संचालित सभी योजनाओं एवं विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सहायक खंड विकास अधिकारी जगदीश कार्की, गणेश महर, अमित पांडेय, अनूप कुमार, दीपक जोशी, ग्राम प्रधान रेणु वर्मा, अमित खर्कवाल, कुलदीप भट्ट, भुवन राम, प्रतिभा वर्मा, मंजू गहतोड़ी, मनीषा मेहता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement