*नकल पर सख्ती, पारदर्शिता पर जोर: 17 मई की परीक्षा के लिए आयोग की नई एसओपी लागू*।

चम्पावत 27 अप्रैल 2026

*नकल पर सख्ती, पारदर्शिता पर जोर: 17 मई की परीक्षा के लिए आयोग की नई एसओपी लागू*

*अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया की अध्यक्षता में स्नातक स्तरीय परीक्षा तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न, नकलमुक्त व्यवस्था पर विशेष जोर*

जनपद चम्पावत में आगामी 17 मई को प्रस्तावित स्नातक स्तरीय परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष एवं नकलविहीन बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष श्री जी.एस. मर्तोलिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान अध्यक्ष श्री मर्तोलिया ने स्पष्ट किया कि पारदर्शी और नकलमुक्त परीक्षाएं ही बेहतर प्रशासन की आधारशिला है, जिससे योग्य एवं प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने दो टूक कहा कि परीक्षा प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही को अक्षम्य माना जाएगा।

बैठक में आयोग द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत सुरक्षा, पारदर्शिता और निगरानी के कड़े प्रावधानो के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी।

बैठक में बताया गया कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी कक्षों में जैमर लगाए जाएंगे, जिससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग पर पूर्ण रोक लग सके। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही विस्तृत चेकिंग भी अनिवार्य की गई है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के निजी सामान रखने की व्यवस्था नहीं होगी। केवल निर्धारित और विश्वसनीय केंद्रों का ही चयन किया गया है, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

अध्यक्ष ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों का अनिवार्य निरीक्षण किया जाए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों एवं कोचिंग संस्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने के लिए कहा। साथ ही परीक्षा ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को पूर्व बैठक के माध्यम से नई एसओपी और दिशा-निर्देशों की पूर्ण जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

अध्यक्ष श्री जी.एस. मर्तोलिया ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं। आयोग निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। अभ्यर्थी अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, डिप्टी कलेक्टर विपिन पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल सहित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement