मानेश्वर समाचार।
चंपावत 15 जुलाई 2025

*बग्वाल मेले से पूर्व देवीधूरा में जिला पंचायत द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित*
आगामी ऐतिहासिक बग्वाल मेला के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन हेतु जिला पंचायत चंपावत द्वारा मंगलवार को देवीधूरा में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करना रहा।
जिला पंचायत के सदस्यों, कर्मचारियों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों की सहभागिता से देवीधूरा मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र एवं पहुंच मार्गों की गहन सफाई की गई। कूड़ा-कचरा हटाकर स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रयास किए गए और नियमित साफ-सफाई के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गईं।
इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश बिष्ट ने कहा बग्वाल मेला चंपावत की सांस्कृतिक पहचान और हमारी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों में साफ-सफाई और स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। जिला पंचायत का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिले और चंपावत एक स्वच्छ एवं सुंदर जनपद के रूप में स्थापित हो।
उन्होंने आमजन से अपील की कि मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और इस अभियान को जन सहयोग से जन आंदोलन का स्वरूप दें।




