मानेश्वर समाचार।
चंपावत 23 अगस्त 2025
*रीप परियोजना से बदल रही है ग्रामीण आर्थिकी, आईफैड मिशन ने की प्रगति की समीक्षा*
ग्राम्य विकास विभाग, उत्तराखंड शासन के अंतर्गत संचालित ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के तहत जनपद चम्पावत में हो रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा आईफैड सुपरविजन मिशन द्वारा की गई।
जनपद आगमन पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती ने मिशन दल के सदस्यों का स्वागत किया और भ्रमण की कार्ययोजना, संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।
दो दिवसीय समीक्षात्मक भ्रमण कार्यक्रम के पहले दिन मिशन सदस्य श्री विनय तुली और श्री अभिजीत, विपणन सलाहकार फर्म (एमसीएफ) के प्रबंधक सेल्स कुणाल सावकर तथा कार्यक्रम प्रबंधक संपत ने उन्नति महिला संकुल संघ, बमनपुरी का निरीक्षण किया।
इस दौरान संघ के संचालक मंडल और समूह सदस्यों के साथ बैठक कर संघ की संचालन प्रक्रिया, व्यावसायिक गतिविधियाँ, शेयर मैचिंग और राशि के उपयोग, सीसीएल की प्रक्रिया, अल्ट्रा पुअर पैकेज का लाभार्थियों पर प्रभाव, पशु सखी द्वारा किए जा रहे कार्य, जलवायु आधारित कृषि, व्यक्तिगत उद्यम संचालन तथा दस्तावेजीकरण प्रणाली की जानकारी ली गई। इसके उपरांत संघ के अंतर्गत स्थापित वेयरहाउस (भंडार गृह) का निरीक्षण कर उसकी प्रगति का मूल्यांकन किया गया।
इसके साथ ही अमोडी में 1.60 करोड़ की लागत से प्रस्तावित वे-साइड एनीमिटीज स्थल और धुरा में सहकारिता विभाग के सहयोग से तैयार 1 हेक्टेयर अदरक बीज प्रदर्शन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा लाभार्थियों से संवाद कर आवश्यक सुझाव दिए गए।
समीक्षा भ्रमण के दौरान बाराकोट ब्लॉक के ढटी ग्राम में सिद्ध बाबा स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित मत्स्य पालन उद्यम का निरीक्षण किया गया और समूह की आय, कार्ययोजना एवं भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा लोहाघाट ब्लॉक के ग्राम ठाठा में रीप और पशुपालन विभाग के सहयोग से संचालित माँ लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की गोट ब्रीडिंग यूनिट का निरीक्षण कर संचालन प्रक्रिया की जानकारी ली गई। युनिट संचालक प्रदीप शर्मा ने मिशन दल को वर्तमान कार्यप्रणाली और भविष्य की योजना से अवगत कराया।
जनपद के चम्पावत, बाराकोट और लोहाघाट ब्लॉकों में किए गए निरीक्षणों और समीक्षाओं के उपरांत मिशन दल ने रीप द्वारा संचालित गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही समूह सदस्यों, संचालकों और परियोजना स्टाफ को भविष्य में और बेहतर प्रबंधन तथा प्रभावी कार्य संचालन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सुझाव प्रदान किए।
इस समीक्षात्मक भ्रमण कार्यक्रम में रीप के जिला परियोजना प्रबंधक श्री शुभंकर कुमार झा, सहायक प्रबंधक संस्थाएँ श्री प्रकाश चंद्र पाठक, सुमित कुमार, सचिन चंखवान, अतुल सिरस्वाल, नीरज पंत, हिमांशु मेहता, सुनील कुमार सहित ब्लॉक व संकुल संघ स्टाफ ने प्रतिभाग किया और कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग दिया।
Jaya punetha editor in chief ।




