चम्पावत,
*कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*
*मा. मुख्यमंत्री की घोषणा से क्षेत्र के विकास एवं पर्यटन को मिलेगी नई गति*
*सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 66.74 लाख रूपये का औचित्यपूर्ण आकलन, स्वीकृति की कार्यवाही गतिमान*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की विकासपरक सोच एवं घोषणा के अनुरूप जनपद चम्पावत के चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 258/2026 के तहत प्रस्तावित इन कार्यों से क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को बेहतर एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाओं को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।
कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में क्षेत्र के प्रमुख स्थलों का सुव्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यीकरण होने से यहां आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही क्षेत्र के पर्यटन आकर्षण में भी वृद्धि होगी।
प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 66.74 लाख रूपये (छियासठ लाख चौहत्तर हजार रुपये) का औचित्यपूर्ण आकलन जनपद स्तर पर किया गया है। मुख्यमंत्री घोषणा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रक्रिया के तहत प्रकरण धनराशि की स्वीकृति एवं अग्रिम कार्यवाही हेतु उच्च स्तर पर प्रस्तुत किया गया है।
इस पहल से कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत जनपद में धार्मिक, प्राकृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों को विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र का सौंदर्यीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्र को श्रद्धा, प्रकृति और पर्यटन के आकर्षक संगम के रूप में और अधिक विकसित करने में सहायक होगा।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की पहल से क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा मिलेगी।उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कार्यों के माध्यम से क्षेत्र को अधिक सुंदर, व्यवस्थित एवं पर्यटक अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ ही स्थानीय लोगों को भी पर्यटन गतिविधियों का लाभ मिल सकेगा।




