मतदाता सूची संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु नई सुविधा : “Book a Call with BLO”*।

Spread the love

चम्पावत 29 सितंबर 2025

*मतदाता सूची संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु नई सुविधा : “Book a Call with BLO”*

जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार ने अवगत कराया कि नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित प्रश्नों और समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग ने अपने एकीकृत वेब पोर्टल (ईसीआईनेट) पर “Book a Call with BLO” नामक नया मॉड्यूल प्रारम्भ किया है।

यह मॉड्यूल मतदाताओं को बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संपर्क स्थापित करने का सरल माध्यम प्रदान करता है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों और बीएलओ के बीच सुगम एवं पारदर्शी संवाद सुनिश्चित करना है, जिससे मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है कि “Book a Call with BLO” के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक अनुरोध का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी बूथ स्तरीय अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं कि नागरिक द्वारा बुक की गई कॉल को तत्काल प्राप्त करें अथवा निर्धारित समय पर कॉल बैक करें, नागरिकों से शिष्टतापूर्वक वार्ता करें, प्रत्येक प्रश्न और समस्या का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनसामान्य से अपील की है कि वे इस नई सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएँ और मतदाता सूची से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु सीधे अपने बीएलओ से संपर्क स्थापित करें।

Jaya punetha editor in chief ।