पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को दी गई अंतिम विदाई।

Spread the love

देहरादून 20 मई। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) को बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान और गहरे शोक के साथ अंतिम विदाई दी गई। राजधानी देहरादून के वसंत विहार और भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

देश के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वसंत विहार स्थित उनके आवास पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित किए और दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर भी खंडूड़ी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खंडूड़ी जी का पूरा जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को समर्पित रहा। उन्होंने उत्तराखंड के विकास और जनसेवा में जो अमूल्य योगदान दिया, उसे प्रदेश हमेशा याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, मेयर श्री सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।