चम्पावत, 02 जुलाई 2026
*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में नमामि गंगे परियोजनाओं की समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित सीवरेज एवं एसटीपी परियोजनाओं, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट तथा लीगेसी वेस्ट के निस्तारण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नमामि गंगे से संबंधित सभी परियोजनाओं की कार्यवाही निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर लंबित तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताओं का त्वरित समाधान कर परियोजनाओं को गति दी जाए।
बैठक में ललुवापानी ट्रेंचिंग ग्राउंड, फर्नहिल ट्रेंचिंग जोन सहित टनकपुर एवं बनबसा नगर पालिका क्षेत्रों में उपलब्ध लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने पर बल दिया गया।
समीक्षा के दौरान चम्पावत नगर की 4 एमएलडी एसटीपी परियोजना, लोहाघाट नगर की आई एंड डी एवं 2.50 एमएलडी एसटीपी परियोजना, टनकपुर नगर की प्रस्तावित एसटीपी परियोजना तथा बनबसा नगर की आई एंड डी एवं एसटीपी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि नमामि गंगे कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहें।
Jaya punetha editor in chief ।




