चम्पावत,06 जून 2026
*मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने मनिहार गोठ का किया स्थलीय निरीक्षण, जलभराव एवं नाला सफाई के निर्देश*
मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने टनकपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मनिहार गोठ का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने नाले में जमा गंदगी तथा वर्षा ऋतु में घरों में होने वाले जलभराव की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि नाले की नियमित सफाई न होने के कारण बरसात के समय पानी का निकास बाधित होता है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग मनोज तिवारी को नाले की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के मानकों के अनुरूप सिंचाई विभाग एवं नमामि गंगे परियोजना के मध्य समन्वय स्थापित कर स्थायी समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने संबंधित सहायक अभियंता को आवश्यक स्थानों पर आरबीएम (Reinforced Brick Masonry) कार्य कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और भविष्य में जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग मनोज तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका टनकपुर ऋषभ उनियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




