*मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने डाडाककनई में समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम का किया वर्चुअल शुभारंभ*

Spread the love

चंपावत

*मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने डाडाककनई में समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम का किया वर्चुअल शुभारंभ*

शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज डाडाककनई में नेस्ले इंडिया एवं बीएआईएफ (BAIF) संस्था द्वारा संचालित उत्तराखंड सीएसआर-2026 समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम (एचवीडीपी) का गरिमामयी शुभारंभ हो गया है।

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया और इसके मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

वहीं कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी टनकपुर तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने उपस्थित क्षेत्रवासियों को योजना की रूपरेखा समझाते हुए विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास से जुड़े कई अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें मुख्य रूप से स्वास्थ्य, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, ग्राम स्तरीय आधारभूत संरचना का विकास, महिला स्वयं सहायता समूहों का सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन तथा पर्यावरण संरक्षण शामिल रहे।

वर्चुअल संवाद के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी बातें सुनीं। इस दौरान ग्राम ककनई के स्थानीय निवासी जगदीश मेहरा एवं पवन मेहरा ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं और महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक जानकारियां साझा कीं।

खराब मौसम की चुनौतियों के बावजूद इस विकासपरक कार्यक्रम को लेकर स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा गया और क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण इस आयोजन का हिस्सा बने।

कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य सुंदर सिंह बोहरा, दीपा जोशी, मुकेश कलखुड़िया, ग्राम प्रधान डाडा, ग्राम विकास अधिकारी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्मिक एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Jaya punetha editor in chief ।