लोक कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशा मुक्त जीवन का संदेश।

मानेश्वर समाचार।

13 जून 2025

 

*लोक कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशा मुक्त जीवन का संदेश*

 

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सूचना कार्यालय चंपावत में पंजीकृत महामंगलेश्वर लोक सांस्कृतिक कला केंद्र, गोली मंगलपुर (चंपावत) के लोक कलाकारों द्वारा वीर कालू सिंह महरा चौक एवं राजकीय इंटर कॉलेज, लोहाघाट में गुरुवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम का नेतृत्व दलनायक श्री रमेश राम टम्टा ने किया। उन्होंने नशे को पारिवारिक, सामाजिक और शारीरिक पतन का कारण बताते हुए कहा कि यह केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को अंधकार की ओर धकेल देता है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की सेहत, संपत्ति और सम्मान तीनों को छीन लेता है, जिससे युवाओं का भविष्य भी अंधकारमय हो जाता है।

 

कलाकारों ने सजीव अभिनय और जनभाषा में संवादों के माध्यम से नशे से होने वाली बीमारियों, पारिवारिक कलह और सामाजिक विघटन को मार्मिक रूप से प्रस्तुत किया। वीर कालू सिंह महरा चौक के साथ-साथ लोहाघाट इंटर कॉलेज में भी छात्रों को लक्षित करते हुए यह प्रस्तुति दी गई, जिसे शिक्षकों व विद्यार्थियों द्वारा सराहा गया।

 

इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय एवं विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें तथा अपने आस-पास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement