चम्पावत, 29 जून 2026
*चम्पावत में SIR के तहत गणना फार्मों का डिजिटाइजेशन शत-प्रतिशत पूर्ण*
*मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा, उत्कृष्ट प्रगति पर जनपद चम्पावत की सराहना*
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी जनपदों को गणना फार्मों के डिजिटाइजेशन कार्य को शीघ्र पूर्ण करने, “अन-कलेक्टेबल” श्रेणी में दर्ज मतदाताओं का पुनः सत्यापन कराने तथा मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 99 प्रतिशत से अधिक गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं तथा 92 प्रतिशत से अधिक डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। जनपद चम्पावत ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए गणना फार्मों के डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ चम्पावत प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल हो गया है।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 99 प्रतिशत से अधिक गणना फार्म वितरित किए गए, जबकि पूरे प्रदेश में डिजिटाईजेशन का कार्य 92 प्रतिशत से अधिक हो गया है। जनपद अल्मोड़ा और चम्पावत ने एसआईआर के गणना फार्म के डिजिटाईजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 97 प्रतिशत,टिहरी गढ़वाल 96 प्रतिशत,उत्तरकाशी 95 प्रतिशत, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में 94 प्रतिशत,रुद्रप्रयाग 93 प्रतिशत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर 91 प्रतिशत, देहरादून और हरिद्वार में 88 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जनपदों की अबतक की प्रगति पर संतोष जताते हुए सभी जनपदों को बधाई दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने चम्पावत सहित उत्कृष्ट प्रगति करने वाले जनपदों की सराहना करते हुए कहा कि अब मतदान केंद्रों के पुनर्गठन सहित आगामी कार्यों को भी निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि डीईओ एवं ईआरओ बूथवार ASD सूची की स्वयं समीक्षा सुनिश्चित करें तथा “अन-कलेक्टेबल” श्रेणी के मतदाताओं का पुनः सत्यापन कराया जाए।




