चम्पावत में योजनाओं की व्यापक समीक्षा, अपर सचिव ने दिए जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश।

*चम्पावत 23 जून, 2026

*चम्पावत में योजनाओं की व्यापक समीक्षा, अपर सचिव ने दिए जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश*

विकासखंड सभागार चम्पावत में मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री के अपर सचिव श्री मनमोहन मैनाली की अध्यक्षता में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करना रहा।

बैठक के दौरान अपर सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार और आम जनमानस के बीच के अंतर को कम किया जाए ताकि जनसमस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण हो सके।

बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यान, उद्योग, स्वास्थ्य, बाल विकास, उरेडा और रीप आदि विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट साझा की और कार्यक्षेत्र में आ रही व्यावहारिक समस्याओं से भी अवगत कराया। इसके साथ ही अपर सचिव ने विभिन्न योजनाओं के सुचारू संचालन हेतु नए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में अपर सचिव द्वारा विद्युत विभाग (यूपीसीएल), जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बिजली और पानी जैसी आवश्यक सेवाओं में किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर विभागीय ‘रिस्पांस टाइम’ कम से कम होना चाहिए। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई संसाधनों के सुदृढ़ीकरण तथा पेयजल लाइनों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान अपर सचिव ने विशेष रूप से पीएमश्री (PM SHRI) विद्यालयों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा को बच्चों का बुनियादी अधिकार बताते हुए क्षेत्र के स्कूलों में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, ढांचागत विकास और उचित शैक्षणिक माहौल तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा मिल सके।

इसके साथ ही, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को निर्देशित किया गया कि वे सार्वजनिक वितरण प्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग करें और राशन कार्डों के पारदर्शी सत्यापन की प्रक्रिया को समय से पूरा करें, ताकि सभी पात्र परिवारों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।

समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि वृद्धों, पात्र व्यक्तियों की पेंशन और छात्रवृत्ति के मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

इसके अतिरिक्त श्री मैनाली द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर शिकायतकर्ता को भी प्रगति से अनिवार्य रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों को एकजुट होकर ‘आदर्श चम्पावत’ के निर्धारित लक्ष्यों को समय से प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चम्पावत श्रीमती अंचला बोहरा, खंड विकास अधिकारी श्री अशोक सिंह अधिकारी सहित विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement