चम्पावत, 09
*देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से सराबोर हुआ कार्यक्रम स्थल, जिलाधिकारी ने किया आमजन से अभियानों में सहभागिता का आह्वान*
स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा अभियान” एवं “वन्दे मातरम् अभियान” के अंतर्गत रविवार को बस स्टैंड, चम्पावत में पंचम वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, चम्पावत द्वारा विशेष ब्रास बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पंचम वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट श्री शिव राम ने किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वतंत्रता दिवस के प्रति आमजन में उत्साह और उमंग का संचार करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा “हर घर तिरंगा” एवं “वन्दे मातरम्” अभियानों की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और सम्मान की भावना के साथ इन अभियानों में सहभागिता करनी चाहिए।
इसके उपरांत सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत की ब्रास बैंड टीम द्वारा “वन्दे मातरम्” की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद “मेरे वतन के लोगों”, “कदम-कदम बढ़ाए जा”, “विजय धुन ताकत वतन की”, “रंग दे बसंती चोला” एवं “सारे जहां से अच्छा” जैसी देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।
ब्रास बैंड की प्रस्तुतियों के दौरान कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों तथा स्थानीय नागरिकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। देशभक्ति की धुनों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम, उत्साह और राष्ट्रीय एकता की भावना से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के अंत में पंचम वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के कार्यवाहक कमांडेंट श्री शिव राम ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, बलकार्मिकों एवं उनके परिवारजनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर पंचम वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा आमजन से “हर घर तिरंगा अभियान” से जुड़ते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में कमांडेंट चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल बरनवाल, उप कमांडेंट श्री करन चौहान, श्री सुदेश कुमार, श्री नवनीत कुमार, दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, जिलाध्यक्ष श्री गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, नगर मंडल अध्यक्ष श्री सुनील पुनेठा, श्री जगदीश जोशी,श्री प्रकाश पांडेय, श्री आनंद अधिकारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, पर्यटन विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी,सशस्त्र सीमा बल के कार्मिक, एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




