टीबी मुक्त करने की दिशा में बड़ा कदम: जनता मिलन में 40 मरीजों को वितरित की गई निक्षय पोषण किट।

Spread the love

चम्पावत, 25 जून 2026

*टीबी मुक्त करने की दिशा में बड़ा कदम: जनता मिलन में 40 मरीजों को वितरित की गई निक्षय पोषण किट*

*जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी बने निक्षय मित्र, अधिकारियों से भी की जनभागीदारी की अपील*

टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने तथा उपचाररत क्षय रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में जनपद चम्पावत में एक सराहनीय पहल की गई। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान 40 टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान पोषण सहायता उपलब्ध कराने का विषय जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के समक्ष रखा गया। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल सकारात्मक पहल करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के सहयोग हेतु आगे आने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान निक्षय मित्र के रूप में टीबी मरीजों की सहायता हेतु आगे आये। इसी क्रम में जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित की। प्रशासन की इस पहल से प्रेरित होकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सहयोग करते हुए 40 टीबी मरीजों के लिए पोषण किट उपलब्ध कराईं।

निक्षय पोषण किट में दाल, प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री, पौष्टिक अनाज एवं अन्य आवश्यक पोषण सामग्री शामिल की गई है, जिससे मरीजों को उपचार अवधि के दौरान बेहतर पोषण मिल सके और उनके स्वास्थ्य लाभ में सहायता प्राप्त हो।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि “टीबी मरीजों के उपचार में दवाओं के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी नागरिक निक्षय मित्र बनकर इस अभियान से जुड़ें और टीबी मुक्त चम्पावत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।”

उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सामूहिक उत्तरदायित्व का अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

जनता मिलन कार्यक्रम में की गई यह मानवीय एवं संवेदनशील पहल प्रशासन की जनकल्याणकारी सोच का परिचायक है। इससे न केवल टीबी मरीजों को आवश्यक पोषण सहायता मिलेगी, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और जनभागीदारी का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित होगा।

Jaya punetha editor in chief ।