चम्पावत, 17 जून 2026
*प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता और सत्यापन पर जोर*
*आवास योजना के लाभार्थी चयन और सत्यापन प्रक्रिया की जिलाधिकारी ने की समीक्षा*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) निगरानी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन, सत्यापन एवं आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया संपन्न की जाए, जिससे वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को फील्ड स्तर पर लाभार्थियों के सत्यापन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह ने योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद में 14,899 संभावित लाभार्थियों का सर्वेक्षण किया गया है, जिनमें से 6,296 लाभार्थियों का सत्यापन पूर्ण किया गया है। इसके अतिरिक्त 1,091 लाभार्थियों द्वारा स्वयं (सेल्फ सर्वे) भी किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर पात्र लाभार्थियों के चयन एवं अनुमोदन हेतु पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण हेतु प्रति इकाई ₹1.30 लाख की सहायता राशि अनुमन्य है। यह राशि तीन किस्तों में लाभार्थियों को प्रदान की जाती है। प्रथम किस्त आवास स्वीकृति एवं भूमि चयन संबंधी विवरण अपलोड होने पर, द्वितीय किस्त निर्माण कार्य की निर्धारित प्रगति के उपरांत तथा तृतीय एवं अंतिम किस्त आवास पूर्ण होने एवं निरीक्षण के बाद जारी की जाती है।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख पाटी शंकर सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख लोहाघाट महेंद्र डेक, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक श्रीमती विम्मी जोशी, खंड विकास अधिकारी बाराकोट श्री अवनीश उपाध्याय, लोहाघाट श्री अशोक अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




