‘स्वामी राम ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड-2026’ हेतु आवेदन आमंत्रित, उत्कृष्ट सामाजिक योगदानकर्ताओं को मिलेगा सम्मान।

Spread the love

चम्पावत 07 मई, 2026

*‘स्वामी राम ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड-2026’ हेतु आवेदन आमंत्रित, उत्कृष्ट सामाजिक योगदानकर्ताओं को मिलेगा सम्मान*

जनपद में सामाजिक, आर्थिक एवं जनहितकारी कार्यों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, स्वामी राम नगर, जौलीग्रांट, देहरादून द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘स्वामी राम ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड-2026’ हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने सामाजिक, आर्थिक अथवा जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी कार्य कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुरस्कार का उद्देश्य समाज के उन समर्पित व्यक्तित्वों को पहचान देना है, जो निस्वार्थ भाव से जनकल्याण एवं मानव सेवा के कार्यों में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनपद के पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थी आगामी 30 जून 2026 तक निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन संस्थान में प्रस्तुत कर सकते हैं। अंतिम तिथि के उपरांत प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।

जिलाधिकारी ने सामाजिक कार्यकर्ताओं, अर्थव्यवस्था एवं जनविकास के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों तथा समाजसेवा से जुड़े नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान न केवल उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं, बल्कि समाज में सेवा और समर्पण की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।

उन्होंने बताया कि आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं प्रक्रिया हेतु इच्छुक अभ्यर्थी Swami Rama Himalayan University⁠ से संपर्क कर सकते हैं अथवा विश्वविद्यालय के जौलीग्रांट स्थित कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर समयबद्ध रूप से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

Jaya punetha editor in chief ।