चम्पावत,
*आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी /जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक*
*23 अक्टूबर से प्रारंभ होगी ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी), राजनीतिक दलों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान*
*निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का होगा पूर्ण अनुपालन*
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के दृष्टिगत शुक्रवार को जिला सभागार चम्पावत में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की तैयारियों, निर्धारित प्रक्रियाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि जनपद में आगामी 23 अक्टूबर से ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे एफएलसी प्रक्रिया के दौरान अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है, जिसके अंतर्गत मशीनों की तकनीकी कार्यक्षमता का परीक्षण भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाता है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एफएलसी प्रक्रिया संपन्न होने से निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ ही राजनीतिक दलों एवं आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन संबंधी गतिविधियों में सकारात्मक सहयोग एवं सहभागिता की अपेक्षा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एफएलसी के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। जांच प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानक प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं आपसी समन्वय के साथ संपन्न कराया जाएगा। जिला प्रशासन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री श्री मुकेश कलखुड़िया, भाजपा के बीएलए-1 श्री शंकर दत्त पाण्डेय तथा कांग्रेस पार्टी के बीएलए-1 श्री श्याम सिंह कार्की एवं श्री धीरज सिंह नेगी,उपजिलाधिकारी श्री बी.सी. पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेंद्र अधिकारी, नोडल अधिकारी ईवीएम विमल कुमार सूंठा सहित निर्वाचन कार्यों से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief.




